Featuredदेशपुलिस

सूट-सलवार में आधी रात बस स्टैंड पर अकेली खड़ी रहीं IPS अफसर, 3 घंटे में 40 लोग पहुंचे पास… फिर पुलिस ने किया एक्शन

IPS undercover operation V Sumathi ने हैदराबाद में महिला सुरक्षा की हकीकत परखने के लिए ऐसा अंडरकवर ऑपरेशन चलाया, जिसने रात में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए। मल्काजगिरी की पुलिस आयुक्त वी सुमति आम महिला यात्री बनकर देर रात दिलसुखनगर बस स्टैंड पर अकेली खड़ी रहीं और तीन घंटे तक हालात का जायजा लिया।

जानकारी के मुताबिक, यह ऑपरेशन रात करीब 12:30 बजे से 3:30 बजे तक चला। इस दौरान अधिकारी सूट-सलवार पहनकर बस स्टैंड पर अकेली मौजूद रहीं, ताकि यह समझा जा सके कि देर रात सफर करने वाली महिलाओं को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

ऑपरेशन के दौरान करीब 40 पुरुष उनके पास पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें कई लोग नशे की हालत में थे, जबकि कुछ युवक, छात्र और निजी कंपनियों में काम करने वाले लोग भी शामिल थे। कई लोगों का व्यवहार संदिग्ध और असहज करने वाला पाया गया।

पूरे अभियान के दौरान सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी आसपास तैनात थे। जैसे ही किसी व्यक्ति की हरकत आपत्तिजनक लगी, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। कुछ लोगों की मौके पर ही काउंसलिंग भी की गई, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यह जांचना भी था कि रात में गश्त कितनी प्रभावी है, कौन से इलाके महिलाओं के लिए ज्यादा असुरक्षित हैं और देर रात अकेले सफर करने वाली महिलाओं को किन खतरों का सामना करना पड़ता है।

यह ऑपरेशन एक बार फिर दिखाता है कि रात के समय बस स्टैंड, सड़क किनारे या सुनसान इलाकों में महिलाओं को अब भी असुरक्षा और डर के माहौल से गुजरना पड़ता है। कई बार असामाजिक तत्व और नशे में धुत लोग महिलाओं को परेशान करने की कोशिश करते हैं, जिससे उनकी स्वतंत्र आवाजाही प्रभावित होती है।

महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में ऐसे अंडरकवर अभियान और तेज किए जा सकते हैं। साथ ही रात में गश्त, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील इलाकों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button