Weak students : दसवीं–बारहवीं के कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं शुरू…! कलेक्टर वसन्त के निर्देश
समय-सीमा बैठक में एसआईआर, धान खरीदी और डीएमएफ कार्यों की विस्तृत समीक्षा
कोरबा, 25 नवम्बर। Weak students : जिले में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करने के लिए कलेक्टर अजीत वसन्त ने कमजोर विद्यार्थियों हेतु विशेष तैयारी कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी को स्थल चयन, भोजन–बैठक व्यवस्था और लेक्चरर चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा। कक्षाएं 20 दिसम्बर से छमाही परीक्षा उपरांत प्रारंभ होंगी।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा करते हुए कलेक्टर वसन्त ने सभी एसडीएम को डिजिटाइजेशन प्रतिशत बढ़ाने और बीएलओ के कार्यों की कड़ी निगरानी करने कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर कार्य में लगे कर्मचारी किसी अन्य कार्य में न लगाए जाएं। शहरी क्षेत्रों में सुबह-शाम घर-घर जाकर फॉर्म भरवाने और डिजिटाइजेशन कार्य में रफ्तार लाने को भी कहा गया।
धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य
जिले में धान खरीदी प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, वाहनों के साथ फोटो अनिवार्य ली जाए, सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू अवस्था में रहें, मिलर्स एवं केंद्र प्रबंधकों की बैठक लेकर शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि स्थानांतरित फड़/खरीदी प्रभारी व ऑपरेटर अपने नए स्थान पर ही कार्यरत पाए जाएं। पुराने पदस्थापना स्थल पर कार्यरत पाए जाने पर कार्रवाई होगी। इसके साथ ही अवैध धान परिवहन एवं विक्रय पर कठोर कार्रवाई तथा चेकपोस्ट में सघन जांच के निर्देश भी दिए गए।
डीएमएफ के अप्रारंभ कार्यों पर वसूली प्रकरण दर्ज करने के निर्देश
कलेक्टर वसन्त ने डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत किंतु 31 अगस्त 2025 तक अप्रारंभ कार्यों की सूची बनाकर संबंधितों के विरुद्ध वसूली प्रकरण दर्ज करने कहा। सभी जनपद सीईओ को ग्राम पंचायतों से वसूली प्रकरण संबंधित एसडीएम को भेजने के निर्देश दिए गए।
साथ ही डीएमएफ मद से चल रहे निर्माण व विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण करने और शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व जनहित के नई प्राथमिकता परियोजनाओं का प्रस्ताव प्रस्तुत करने कहा गया।
मातृत्व व शिशु मृत्यु मामलों में अनिवार्य जांच
कलेक्टर ने प्रसव एवं बाल मृत्यु मामलों को गंभीरता से लेते हुए सभी एसडीएम को अनिवार्य जांच कर प्रतिवेदन तैयार करने कहा।
उन्होंने जीवन-दीप समिति की बैठकों में अनिवार्य उपस्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार हेतु प्रभावी निर्णय सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
संविधान दिवस का गरिमापूर्ण आयोजन
कलेक्टर ने 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान थीम के अंतर्गत प्रस्तावना पठन व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए। सभी कार्यालयों में शपथ ग्रहण अनिवार्य रहेगा।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने निम्न निर्देश दिए, विद्यार्थियों के अपार आईडी शीघ्र बनाए जाएं। युक्तियुक्तकरण में नए पदस्थापना स्थल पर जॉइनिंग न करने वाले शिक्षकों पर उच्च स्तरीय कार्रवाई हो। पीवीटीजी परिवारों के घरों में सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापना सुनिश्चित की जाए। हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता के लिए प्रस्ताव अपलोड किए जाएं। पीएम जनमन आवास 1 जनवरी 2026 तक पूर्ण करा लिए जाएं। अधूरी परियोजनाएं ठेकेदारों से समय पर पूर्ण कराई जाएं।
बैठक में डीएफओ कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



