Rajyotsava Celebration : कोरबा में 2 से 4 नवंबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा राज्योत्सव…! उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि

News Power Zone
2 Min Read
Rajyotsava Celebration

कोरबा, 29 अक्टूबर। Rajyotsava Celebration : छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम परिसर में 2 नवंबर से 4 नवंबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं।

राज्योत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य, श्रम एवं उद्योग मंत्री  लखन लाल देवांगन शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने बताया कि इस तीन दिवसीय उत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झलक

2 नवंबर की शाम 7 बजे से लोकप्रिय जसगीत गायक दिलीप षड़ंगी अपनी प्रस्तुति देंगे। 3 नवंबर को सुप्रसिद्ध लोक गायिका श्रीमती अलका चंद्राकर मंच पर अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। 4 नवंबर को कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हास्य और श्रृंगार रस के नामचीन कवि भाग लेंगे अरुण जैमिनी, हास्य कवि चिराग जैन, शशिकांत यादव, श्रद्धा शौर्य, देवेन्द्र परिहार, और हीरामणी वैष्णव अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।

रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन

तीन दिनों तक चलने वाले इस राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ी लोकगीत, लोकनृत्य, नृत्य-नाटिका, शास्त्रीय संगीत और देशभक्ति प्रस्तुतियाँ होंगी। स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।

कलेक्टर अजीत वसंत ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं का आनंद उठाएं।

Share This Article