बिलासपुर

Vyapar Vihar : बिलासपुर के व्यापार विहार में बड़ी उठाईगिरी…! कार से लाखों का बैग लेकर फरार…यहां देखें VIDEO

कुछ ही मिनटों में 8 लाख गायब, CCTV में दिखा आरोपी

बिलासपुर, 08 मार्च। Vyapar Vihar : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी Bilaspur में एक बार फिर शातिर बदमाशों ने लाखों की उठाईगिरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। व्यापार विहार क्षेत्र में संचालित हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक की कार से अज्ञात बदमाश करीब 8 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार यह वारदात शनिवार रात करीब 8:30 बजे व्यापार विहार छोटी पार्किंग के पास हुई। बताया जा रहा है कि हरे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक रोज की तरह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने दुकान के गल्ले से दिनभर की नगदी निकालकर एक बैग में रखी और उसे अपनी कार में रख दिया। इसके बाद वे दुकान का शटर बंद करने लगे।

CCTV में दिखा आरोपी

इसी दौरान एक अज्ञात युवक मौके का फायदा उठाकर कार के पास पहुंचा और दरवाजा खोलकर अंदर रखा नगदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 8 लाख रुपये नकद थे। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि व्यापारी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

दुकान बंद करने के बाद जब व्यापारी कार के पास पहुंचे तो बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस जांच में इस उठाईगिरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक कार के पास आता और कुछ ही मिनटों में बैग निकालकर भागते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से ही व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

Related Articles

Back to top button