कोरबा

Poultry Farm Trader : कोरबा में भाजपा किसान मोर्चा नेता पर जानलेवा हमला…! कार में तोड़फोड़…₹60 हजार लूटने का आरोप

बेहोश समझकर छोड़ गए

कोरबा, 02 जुलाई। Poultry Farm Trader : जिले के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री एवं पोल्ट्री फार्म व्यवसायी कपिलेश्वर धीरज पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की, लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और ₹60 हजार नकद भी लूट लिए।

घायल अवस्था में उन्हें डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर लौटते समय रास्ता रोककर हमला

पीड़ित के अनुसार, बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले उनकी कार को क्षतिग्रस्त किया गया और फिर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

बेहोश समझकर छोड़ गए

कपिलेश्वर धीरज का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके पास रखे ₹60 हजार नकद भी छीन लिए गए। हमले के बाद वे बेहोश हो गए, जिसके बाद हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची।

नशे के कारोबार का विरोध बताया वजह

घायल नेता का दावा है कि उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कथित नशे के कारोबार का विरोध किया था। उनका आरोप है कि इसी रंजिश में उन पर हमला किया गया।

गंभीर आरोप, पुलिस जांच जारी

पीड़ित ने कुछ व्यक्तियों पर हमले का आरोप लगाया है, जिनमें एक स्थानीय कांग्रेस नेता के बेटे और एक पुलिस चौकी में पदस्थ सरकारी वाहन चालक का नाम भी शामिल होने का दावा किया है।

हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की तथ्यात्मक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button