PM’s Residence : बिग ब्रेकिंग : PM आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल को पुलिस उठाकर ले गई…! प्रदर्शन में अखिलेश भी शामिल

News Power Zone
2 Min Read
PM's Residence

नई दिल्ली। PM’s Residence : नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पीएम आवास के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी को पुलिस उठाकर ले गई। जैसे ही पुलिस राहुल को उठाने आई, राहुल जमीन पर लेट गए। इस पर पुलिस कर्मी उन्हें हाथ-पैर से पकड़कर उठाकर ले गए।

कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में पीएम आवास के पास मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे से धरने पर बैठे थे। जिस वक्त राहुल गांधी को उठाया जा रहा था, उनके साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी थे। दोनों को एक ही बस में बैठाकर पुलिस ले गई थी।

इससे पहले कांग्रेस के प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत करने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे। राहुल गांधी से चर्चा करने के बाद वह गृह मंत्री अमित शाह के पास गए। शाह से बातचीत के बाद उन्होंने फिर राहुल से बात की।

सोशल मीडिया पोस्ट में जितेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की मांग थी कि NEET पर संसद में चर्चा हो। राहुल की यह मांग मान ली गई थी। लेकिन राहुल अपनी बात से मुकर गए। वह बोले- अब हमारी दो मांगे हैं। पहली- NEET पर संसद में चर्चा, दूसरी शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा।

इधर, धरनास्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता पीएम और गृहमंत्री इस्तीफा दो के नारे लगा रहे हैं। प्रदर्शन के बीच यहां पुलिस ने पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। कांग्रेस का यह प्रदर्शन बेहद सीक्रेट रहा। राहुल समेत सभी नेता कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के घर से पीएम आवास तक पैदल मार्च करके पहुंचे। जब ये लोग 100 मीटर दूर थे तब मीडिया को जानकारी दी गई।

 

Share This Article