धमतरी, 14 फरवरी। NH30 Accident : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 14 फरवरी की सुबह एनएच 30 पर अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी के पास तेज रफ्तार कार ने खड़े ट्रक से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 अन्य घायल है। मृतकों की पहचान कोबरा बटालियन के तीन सैनिकों और एक सिविलियन ड्राइवर के रूप में हुई है।
मौके पर है CRPF के DIG सहित कई सीनियर अधिकारी
मृतकों की पहचान कोबरा बटालियन के तीन जवानों, उमेंद्र सिंह (SI), मुकेश कुमार (हेड कांस्टेबल), राजकुमार गौड़ (कॉन्स्टेबल) और एक सिविलियन ड्राइवर हीरालाल नागर के रूप में हुई है। जबकि एक घायल जवान अभिमान राय (कोबरा बटालियन) को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर CRPF के DIG, धमतरी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित कई सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री विजय शर्मा ने अभिमान राय से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। महापौर रामू रोहरा ने घायल जवान से गृह मंत्री की बात करवाई। गृह मंत्री ने घायल जवान को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का आश्वासन दिया और घटना पर दुख व्यक्त किया।