Mahadev Betting App : चेयरमैन विकास गर्ग 10 दिन की ED रिमांड पर…! मनी लॉन्ड्रिंग और ₹940.77 करोड़ की संपत्तियों की जांच तेज
₹940 करोड़ की संपत्तियां अटैच
रायपुर, 15 जुलाई। Mahadev Betting App : महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने 10 दिनों की ED रिमांड पर भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब 24 जुलाई को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश करेगा।
10 दिन होगी गहन पूछताछ
ED अब विकास गर्ग से महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क, कथित मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला लेन-देन, निवेश के स्रोत और अन्य आरोपियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन सहित कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ करेगी।
दिल्ली से हुई थी गिरफ्तारी
ईडी ने विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाने के बाद एजेंसी ने अदालत से 14 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 10 दिन की रिमांड मंजूर की।
ED का क्या है आरोप?
ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से अर्जित कथित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली विभिन्न कंपनियों में निवेश किया गया। बाद में इस धन को कई कंपनियों के जरिए लेयरिंग कर शेयरों, प्रतिभूतियों (Securities) और अन्य परिसंपत्तियों में लगाया गया।
जांच एजेंसी इस मामले में पहले ही विकास गर्ग, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की ₹940.77 करोड़ मूल्य की संपत्तियां अटैच कर चुकी है।
EbixCash में 64% हिस्सेदारी का दावा
ईडी के अनुसार, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं। एजेंसी का दावा है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के जरिए कथित अवैध धन का इस्तेमाल कर EbixCash में 64% हिस्सेदारी हासिल की गई।
24 जुलाई को फिर होगी पेशी
ईडी के विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय ने बताया कि अदालत ने विकास गर्ग को 10 दिन की ईडी रिमांड पर भेजा है। पूछताछ के बाद उन्हें 24 जुलाई को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
भूपेश बघेल का हमला
इस बीच, विकास गर्ग की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। इस बयान के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है।






