Chat Controversy : भूपेश बघेल चैट विवाद में 2 यूट्यूबर फंसे…! पुलिस ने दर्ज किया मामला
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कथित चैट स्क्रीनशॉट
भिलाई, 18 जून। Chat Controversy : भिलाई में कथित वायरल चैट विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel ) के नाम से महादेव सट्टा ऐप से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो यूट्यूबर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता Bhilai-3 Police Station पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों यूट्यूबर्स को आरोपी बनाते हुए जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कथित चैट स्क्रीनशॉट
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि Mahadev Betting App के संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टाग्राम अकाउंट और भूपेश बघेल के नाम से जुड़े एक यूजरनेम के बीच बातचीत हुई है। वायरल चैट में कथित तौर पर एक मैसेज दिख रहा है, जिसमें लिखा गया- “नंबर भेजो अपना, बात करना चाहते हैं।” इसी कथित चैट को आधार बनाकर कुछ यूट्यूब चैनलों पर खबरें चलाई गईं।
भूपेश बघेल ने बताया फर्जी
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वायरल कंटेंट पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे पूरी तरह फर्जी बताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि सुबह से फोटोशॉप की गई फर्जी तस्वीरों के आधार पर भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
भूपेश बघेल ने दावा किया कि वायरल चैट पूरी तरह फर्जी है और इसमें दिखाए गए यूजरनेम के साथ उनकी किसी तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह लोगों को गुमराह करने की कोशिश है और इस फर्जी सामग्री को फैलाने वालों की जानकारी उनकी टीम के पास पहुंच चुकी है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी लीगल टीम फर्जी खबरें वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल चैट, संबंधित यूट्यूब चैनलों और पोस्ट करने वालों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। मामले ने प्रदेश की सियासत में भी हलचल बढ़ा दी है।






