Korba Traffic Jam : ‘हमें स्कूल जाना है, हमारी मदद करो’…! जाम में फंसे बच्चों की गुहार वायरल…इमलीछापर-कुसमुंडा मार्ग पर फिर बिगड़े हालात

News Power Zone
2 Min Read
Korba Traffic Jam

कोरबा, 21 जुलाई। Korba Traffic Jam : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोरबा-इमलीछापर-कुसमुंडा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बार फिर भीषण ट्रैफिक जाम देखने को मिला। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारों के बीच स्कूल बसें, मिनी बसें और छोटे वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति तब भावुक हो गई जब जाम में फंसे बच्चों ने बसों और वाहनों की खिड़कियों से हाथ से लिखे पर्चे बाहर दिखाए। इन पर लिखा था- हमें स्कूल जाना है, हमारी मदद करो! यह दृश्य राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचता रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जाम अब रोज़मर्रा की समस्या बन चुका है। इसके पीछे अधूरा सड़क निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज का धीमा निर्माण, गलत डिज़ाइन वाला अंडरब्रिज, जहां थोड़ी बारिश में पानी भर जाता है, और कोयला खदानों की ओर जाने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।

अभिभावकों का कहना है कि रोज़ाना जाम की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनकी सुरक्षा को भी खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि बच्चों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

Share This Article