Gare Pelma Sector : गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान को राष्ट्रीय 5-स्टार रेटिंग…! देश की 206 खदानों में हासिल किया 20वां स्थान

News Power Zone
2 Min Read
Gare Pelma Sector

रायपुर, 21 जुलाई। Gare Pelma Sector : छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 की स्टार रेटिंग में इस खदान को 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है।

मूल्यांकन में खदान ने 92 प्रतिशत अंक हासिल किए और देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान प्राप्त किया। साथ ही यह गारे पेलमा कोलफील्ड की सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाली खदानों में भी शामिल हो गई है।

पावर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया। वहीं जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार ने कहा कि इससे पहले भी खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) द्वारा गारे पेलमा खदान को कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2025 के वार्षिक कोयला खान सुरक्षा पखवाड़ा में खदान को 7 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए थे और पिछले पांच वर्षों से सुरक्षा मानकों के उत्कृष्ट पालन के लिए लगातार प्रथम पुरस्कार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 5-स्टार रेटिंग कंपनी की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह उपलब्धि भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

कोयला मंत्रालय द्वारा सभी खदानों का मूल्यांकन खनन संचालन, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक, आर्थिक प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण तथा सुरक्षा जैसे सात प्रमुख मानकों के आधार पर किया जाता है। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते गारे पेलमा सेक्टर-III को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।

Share This Article