कोरबा

Korba is Clean City : कोरबा ने रचा स्वच्छता में इतिहास…! एक घंटे में 10 हजार हस्ताक्षर कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

स्वच्छता महासंकल्प अभियान में कोरबा ने बनाया गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड

कोरबा, 06 फरवरी।Korba is Clean City : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए न सिर्फ देश, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित स्वच्छता महासंकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान के तहत महज एक घंटे में 10 हजार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कोरबा का नाम दर्ज कराया है।

नगर निगम कोरबा लगातार स्वच्छता के क्षेत्र में नवाचार कर रहा है। इसका परिणाम यह रहा कि हाल ही में स्वच्छता सर्वेक्षण में कोरबा नगर निगम को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में आठवां स्थान प्राप्त हुआ था। इसी उपलब्धि के बाद नगर निगम ने यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया।

280 मीटर लंबा बैनर लगाया

स्वच्छता महासंकल्प अभियान के तहत शहर में 280 मीटर लंबा विशाल बैनर लगाया गया, जिस पर आम नागरिकों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने इस आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग, हर वर्ग ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस विशेष अभियान में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने स्वयं बैनर पर हस्ताक्षर कर नागरिकों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन स्थल पर हजारों लोगों को एक साथ स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस उपलब्धि को कोरबा के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड केवल संख्या का नहीं, बल्कि लोगों की सोच में आए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान कोरबा को भविष्य में स्वच्छता के क्षेत्र में एक मॉडल शहर के रूप में स्थापित करेगा।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि इससे पहले उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के नाम एक घंटे में लगभग साढ़े सात हजार हस्ताक्षरों का रिकॉर्ड दर्ज था, जिसे कोरबा ने पीछे छोड़ते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ कोरबा ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब प्रशासन और जनता मिलकर संकल्प लेते हैं, तो स्वच्छता जैसे सामाजिक लक्ष्य भी बड़े कीर्तिमान में बदल सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button