
कोरबा।Korba News छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था को समर्पित प्रदेश स्तरीय भोजली महोत्सव 2026 का आयोजन 29 अगस्त को कोरबा में किया जाएगा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर राजनीतिक संगठन), जिला कोरबा के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रदेशभर से लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
ओपन थिएटर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आयोजन की शुरुआत 29 अगस्त, शनिवार को घंटाघर स्थित ओपन थिएटर से होगी। यहां से पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक झांकियों के साथ भव्य भोजली शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का समापन ईदगाहनाला भोजली घाट में भोजली विसर्जन के साथ होगा।
आयोजकों के मुताबिक भोजली महोत्सव के जरिए छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक सद्भाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश स्तरीय आयोजन में विभिन्न जिलों से सांस्कृतिक दलों और सामाजिक प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।
करमा, सुआ से लेकर पंथी और राउत नाचा की प्रस्तुति
महोत्सव में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं की विशेष झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में करमा नाचा, सुआ नाचा, राउत नाचा, करमा महिला नाचा, पंथी नाचा, शिव तांडव, बसतर नाचा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके अलावा बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की विशेष प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम में शामिल की गई हैं। आयोजन स्थल पर लोक संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा से जुड़े रंग देखने को मिलेंगे।
DJ ANU MIX रहेगा खास आकर्षण
भोजली महोत्सव में पारंपरिक लोक संस्कृति के साथ आधुनिक संगीत का भी समावेश किया गया है। कार्यक्रम में ANU DJ MIX की विशेष प्रस्तुति रखी गई है, जिससे युवाओं के बीच भी आयोजन को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और छत्तीसगढ़ी संस्कृति से जुड़े लोगों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
संस्कृति और आस्था से जोड़ने का प्रयास
आयोजकों का कहना है कि भोजली केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक आस्था, प्रकृति, हरियाली, सामाजिक एकता और भाईचारे से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसी भावना के साथ इस बार भोजली महोत्सव को प्रदेश स्तर पर व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है।















