कोरबा

Cyber Crime Awareness : कोरबा में 3500 विद्यार्थियों-शिक्षकों को किया साइबर जागरूक, UPI फ्रॉड से बचने बताए जरूरी उपाय

कोरबा, 22 अगस्त।  Cyber Crime Awareness : कोरबा जिले में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया। 22 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 3500 विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर फ्रॉड, UPI फ्रॉड और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

SP सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में अभियान

पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले के निर्देशन में जिले में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, कटघोरा और पसान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्कूलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इन स्कूलों में पहुंची पुलिस टीम

पुलिस टीमों ने निर्मला हायर सेकंडरी स्कूल, ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल, DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जेंजरा, DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बडमार, CSEB के गायत्री मंदिर स्कूल कोरबा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोरबा और हाई स्कूल माखनपुर पाली समेत विभिन्न संस्थानों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

OTP और UPI PIN किसी से शेयर न करें

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को समझाया गया कि साइबर ठगी से बचने के लिए OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल का जवाब देने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने और फर्जी वेबसाइट पर निजी या बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से भी सावधान किया।

साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत करें ये काम

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं। तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करें।

पुलिस के मुताबिक, ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाती है, रकम को रोकने या रिकवर करने की संभावना उतनी ही बेहतर हो सकती है। सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और साइबर अपराध के खिलाफ जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

 

Related Articles

Back to top button