BreakingFeaturedकोरबाराजनीति

Korba News: गैस सिलेंडर सिर पर रख कांग्रेस का हल्ला बोल, मोदी सरकार पर महंगाई से “जनता की चमड़ी उतारने” का आरोप

Korba Congress Protestमें घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर मंगलवार को कांग्रेस सड़क पर उतर आई। निहारिका स्थित घंटाघर चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर सिर पर उठाकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर आम जनता, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ रही है।

रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि फरवरी से अब तक व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव तक कीमतों को रोका जाता है और चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि रसोई गैस, राशन सामग्री और रोजमर्रा के सामानों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में भी बड़ा इजाफा हो सकता है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख इश्तियाक ने कहा कि बढ़ती महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रेखा त्रिपाठी ने दावा किया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगे होने से सड़क किनारे ठेले, छोटे ढाबे, रेस्टोरेंट और छात्रावास बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित है तो फिर बढ़ी हुई कीमतों पर गैस की सप्लाई कैसे हो रही है। ग्रामीण महिला अध्यक्ष प्रभा तंवर ने कहा कि गांवों में लोग फिर से लकड़ी के चूल्हे जलाने को मजबूर हो रहे हैं।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू ने कहा कि गैस, पेट्रोल, डीजल और राशन सामग्री की महंगाई अब राष्ट्रीय मुद्दा बन चुकी है और इसके खिलाफ जनता को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि कमर्शियल गैस सिलेंडर में हुई 993 रुपये की वृद्धि तत्काल वापस ली जाए। साथ ही 5 और 10 किलो वाले सिलेंडरों में हुई 200 रुपये की बढ़ोतरी रद्द कर सब्सिडी फिर से लागू की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने कीमतें वापस नहीं लीं तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button