कोरबा। Korba Traffic Police Alert शहर में हाल ही में हुए ट्रक हादसे के बाद ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। अब तक व्यस्ततम चौक-चौराहों पर यातायात नियमों के उल्लंघन के बावजूद अक्सर निष्क्रिय नजर आने वाली ट्रैफिक पुलिस शनिवार को पूरी तरह सक्रिय दिखाई दी। शहर के प्रमुख चौराहों पर सफेद वर्दीधारी ट्रैफिक जवान तैनात रहे और नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
सूत्रों के अनुसार, नो एंट्री में घुसे ट्रक से हुए हादसे को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने ट्रैफिक अमले को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शहर के प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जाए।
शनिवार को इसका असर भी देखने को मिला। घंटाघर चौक, टीपी नगर, सीएसईबी चौक समेत कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की सक्रिय मौजूदगी रही। जवान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन कराने के साथ-साथ भारी वाहनों की आवाजाही पर भी नजर रखते दिखे।
शहरवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार निगरानी और सख्ती बनी रही तो नो एंट्री का उल्लंघन, जाम और सड़क हादसों जैसी घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। हालांकि लोगों का यह भी मानना है कि कार्रवाई केवल कुछ दिनों तक सीमित न रहकर नियमित अभियान का रूप ले, तभी इसका वास्तविक असर दिखाई देगा।
अब देखने वाली बात होगी कि ट्रैफिक पुलिस की यह सक्रियता कुछ दिनों की कवायद साबित होती है या फिर शहर की यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार की शुरुआत बनती है।






