
कोरबा news power zone ।Press Club Darri Honours Korba Press Club Team पत्रकारिता केवल खबरों का संसार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक मजबूत परिवार भी है। इसी भावना को साकार करते हुए प्रेस क्लब दर्री ने कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भव्य स्वागत और सम्मान कर पत्रकार एकता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

हसदेव ताप विद्युत संयंत्र के आवासीय परिसर स्थित इलेक्टर हॉस्टल के इंडियन कॉफी हाउस सभागार में आयोजित कार्यक्रम आत्मीयता, सम्मान और सौहार्द का अनूठा संगम बन गया। समारोह में पत्रकारिता जगत से जुड़े साथियों के अलावा सामाजिक, राजनीतिक और औद्योगिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, उप सचिव हरीश तिवारी तथा कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन, राजेश मिश्रा और आकाश शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब दर्री के संरक्षक सुधीर जैन और अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में सक्रिय प्रेस क्लबों को कोरबा प्रेस क्लब से मान्यता मिले, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए सभी एक मंच पर खड़े हो सकें। उनका मानना था कि पत्रकारों की एकजुटता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने की सबसे बड़ी ताकत है।
अपने संबोधन में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव ने भावुक शब्दों में कहा कि जिले के उपनगरों और ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकार ही संगठन की असली ताकत हैं। दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, कटघोरा, पाली, करतला और दूरस्थ क्षेत्रों के पत्रकार जमीनी सच्चाइयों को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है, जब हर पत्रकार को समान सम्मान और सहभागिता मिले।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशाद खान ने प्रेस क्लब दर्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही और कर्तव्य का नाम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को हर परिस्थिति में निष्पक्षता, निर्भीकता और सत्यनिष्ठा के साथ जनहित के मुद्दों को सामने लाना चाहिए। बदलते दौर की चुनौतियों के बीच भी सत्य ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी शक्ति है।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में पत्रकार एकता, संगठनात्मक मजबूती और जनहितकारी पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दिखाई दिया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब दर्री के सचिव संतोष गुप्ता, कोषाध्यक्ष अजय राय, उपाध्यक्ष श्रीधर नायडू, भागवत दिवान, सदस्य मणिपाल निमजा, बालकृष्ण मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, अशोक कुमार अग्रवाल सहित कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष धनंजय सिंह, नीरज शर्मा, राजेंद्र तिवारी, पार्षद सरोज शांडिल्य, दिनेश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, रेखा त्रिपाठी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






