Chatkara Chowpati : कोरबा की बड़ी उपलब्धि…! स्वाद भी…सेहत भी…FSSAI की मान्यता से चमकी कोरबा की चटकारा चौपाटी
40 से ज्यादा फूड वेंडर्स वाली चौपाटी बनी प्रदेश की पहली क्लीन स्ट्रीट हब
कोरबा, 25 जून। Chatkara Chowpati : खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर क्षेत्र में विकसित चटकारा चौपाटी को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने प्रदेश की पहली “ईट राइट क्लीन स्ट्रीट हब” के रूप में मान्यता प्रदान की है।

यह सम्मान चौपाटी में संचालित 40 से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के तय मानकों के अनुरूप विकसित किए जाने के बाद मिला है।
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग पिछले दो वर्षों से इस दिशा में लगातार काम कर रहा था। स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को एक स्थान पर व्यवस्थित करने, फूड लाइसेंस उपलब्ध कराने, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देने के साथ-साथ एप्रन, हैंडवॉश, नेपकिन और डस्टबिन जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
मान्यता देने से पहले भारत सरकार द्वारा अधिकृत थर्ड पार्टी एजेंसी ने चौपाटी का प्री-ऑडिट और पोस्ट-ऑडिट किया। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद चटकारा चौपाटी को यह प्रतिष्ठित दर्जा मिला।
खाद्य सुरक्षा विभाग का मानना है कि यह पहल नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण स्ट्रीट फूड उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है और प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी एक मॉडल साबित होगी।






