
कोरबा। Korba Illegal Sand Mining Action जिले में अवैध रेत कारोबार और खनिज तस्करी के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 12 वाहनों को जब्त किया है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से रेत तस्करों में हड़कंप मच गया है।

खनिज विभाग की टीम ने राताखार, कसरेंगा, बरमपुर, सुराकछार, पाली, कापूबहरा और भिलाई बाजार में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत और मिट्टी का परिवहन कर रहे 10 ट्रैक्टर और 2 टीपर को जब्त किया। सभी वाहनों को सिविल लाइन थाना, रामपुर थाना, सर्वमंगला चौकी, पाली थाना, हरदीबाजार थाना और कटघोरा खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है।
विभाग का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और शासकीय राजस्व को नुकसान से बचाने के लिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर खनिज माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।






