
कोरबा/रायपुर।Korba Breaking छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने पुरानी पेंशन योजना (OPS), संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और नियमित भर्ती समेत कई लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने “जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान” के तहत प्रदेश के श्रम, वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन से उनके कोरबा स्थित निवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

Korba Breaking प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के सामने बिजली विभाग में कर्मचारियों की कमी, संविदा कर्मियों की अनिश्चित सेवा स्थिति और लगातार बढ़ते कार्यभार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि 8 से 10 वर्ष पहले भर्ती हुए संविदा कर्मचारी आज तक नियमित नहीं हो पाए हैं, जबकि बड़ी संख्या में पुराने कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसका सीधा असर बिजली आपूर्ति और फील्ड कार्यों पर पड़ रहा है।
यूनियन ने OPS लागू करने, नियमित भर्ती शुरू करने, पदोन्नति, वेतन विसंगति दूर करने, कंपनी एकीकरण और सेवा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी सरकार से त्वरित निर्णय की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिससे कार्यस्थलों पर असंतोष बढ़ रहा है।मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं पर शासन स्तर पर सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही।यूनियन ने स्पष्ट किया कि “जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान” पूरे प्रदेश में जारी रहेगा और कर्मचारियों की आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए आगे भी आंदोलनात्मक रणनीति बनाई जाएगी।



