
कोरबा। Korba DMF Meeting 2026 जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) कोरबा की शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक 11 मई 2026 को दोपहर 2 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सह अध्यक्ष, जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा द्वारा की जाएगी।
बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। खनिज संपदा से समृद्ध कोरबा जिले में डीएमएफ फंड को विकास और जनकल्याण योजनाओं की सबसे बड़ी ताकत माना जाता है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों से लेकर विभागीय अधिकारियों तक की नजर इस बैठक में रखे जाने वाले प्रस्तावों पर टिकी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत डीएमएफ मद से संचालित विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। कुछ नए कार्यों को भी स्वीकृति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारों का कहना है कि हर बार की तरह इस बार भी विभिन्न विभाग अपने-अपने प्रस्तावों को मंजूरी दिलाने के लिए सक्रिय हैं। वहीं जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों के लंबित कार्यों और नई योजनाओं को प्राथमिकता दिलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
बैठक में शासी परिषद के माननीय सदस्यों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि डीएमएफ की इस बैठक में किन योजनाओं को हरी झंडी मिलती है और किस क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिलती है।



