
कोरबा।Korba Nagar Nigam Zone Commissioner Transfer नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से आयुक्त ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी कार्यालयीन आदेश के तहत जोन कमिश्नरों से लेकर अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंताओं तक के प्रभार में व्यापक बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

नगर निगम में हुए इस फेरबदल की सबसे ज्यादा चर्चा जोन कमिश्नरों की नई पदस्थापना को लेकर है। लंबे समय से निगम की कार्यप्रणाली में प्रभावी माने जाने वाले बिलासपुर मूल के अधिकारी का प्रभाव एक बार फिर कायम दिखाई दिया। नए आदेश में उन्हें एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे निगम के प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों के जोन बदल दिए गए हैं। कोरबा, कोसाबाड़ी, बालको, सर्वमंगला, परिवहन नगर और रविशंकर शुक्ल नगर जोन सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए जोन कमिश्नरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जलप्रदाय, भवन निर्माण अनुमति, राजस्व, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, भंडार, विद्युत, उद्यान, जनसंपर्क और अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का भी पुनर्वितरण किया गया है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यों में बेहतर समन्वय को ध्यान में रखकर किया गया है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी और नागरिक सेवाओं में सुधार की अपेक्षा की जा रही है।
हालांकि निगम के भीतर इस फेरबदल को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी तेज हैं। खासकर जोन कमिश्नरों के प्रभार में बदलाव और कुछ अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारियों को लेकर कर्मचारियों और राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।






