Bitter Cold : कड़ाके की ठंड के बीच GPM जिले में स्कूलों के समय में बदलाव…! आज से नई टाइमिंग लागू
ठंड बढ़ने पर प्रशासन का निर्णय
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही, 20 नवंबर। Bitter Cold : जिले में लगातार बढ़ रही सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडाबी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को ठंड से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था 20 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक लागू रहेगी।
नई समय-सारणी
दो शिफ्ट वाले स्कूलों के लिए, पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक, दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:45 बजे से शाम 4:15 बजे तक और एक शिफ्ट वाले स्कूलों के लिए, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी।
प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
माता-पिता और शिक्षकों ने स्वागत किया
नए समय परिवर्तन का अभिभावकों और शिक्षकों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि सुबह के समय बढ़ती ठंड के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में कठिनाई हो रही थी, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी खतरा बढ़ गया था। नई समय-सारिणी से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और ठंड का प्रभाव कम होने तक स्कूल संचालन सुचारू रहेगा।
मौसम सुधरने पर समय फिर होगा सामान्य
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, स्कूलों का समय पुनः सामान्य कर दिया जाएगा। ठंड से बचाव और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया यह निर्णय जिले में राहत भरा कदम माना जा रहा है।



