Katghora CHC Viral Video : मरीज लाइन में तड़पते रहे…डॉक्टर मनाते रहे बर्थडे पार्टी…! VIDEO से मचा बवाल
ओपीडी टाइम में केक काटते दिखे डॉक्टर-स्टाफ, गर्मी में बेहाल मरीजों ने खोली अस्पताल की पोल
कटघोरा, 27 मई। Katghora CHC Viral Video : एक तरफ मरीज इलाज के लिए अस्पतालों की लंबी कतारों में घंटों इंतजार कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से सामने आए एक वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ ड्यूटी के दौरान बर्थडे पार्टी मनाते और केक काटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो ओपीडी समय का है, जब मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हुए थे। आरोप है कि मरीजों की जांच और उपचार छोड़ डॉक्टर और स्टाफ जश्न मनाने में व्यस्त थे।
भीषण गर्मी में मरीज बेहाल, कूलर बने शो-पीस
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की तस्वीरें भी सामने आने लगीं। भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में भर्ती मरीजों को राहत देने वाले कूलर या तो खराब पड़े हैं या उनमें पानी तक नहीं डाला जा रहा।
कुछ वार्डों में कूलर की व्यवस्था तक नहीं है, जिसके चलते मरीज और उनके परिजन हाथ के पंखों से गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मई की झुलसाती गर्मी में अस्पताल प्रशासन मरीजों की बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रहा।
स्वास्थ्य मंत्री का AC वाला दावा भी फेल!
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार महीने पहले स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान अस्पताल में एयर कंडीशनर लगाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक एसी तो दूर, कूलरों की भी समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के ध्यान नहीं देने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
अस्पताल परिसर में गंदगी और बदबू
कटघोरा CHC में सिर्फ सुविधाओं की कमी ही नहीं, बल्कि गंदगी और बदबू की समस्या भी गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल परिसर और नालियों में जमा गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीज बीमारी से राहत पाने की जगह संक्रमण के डर से परेशान हैं।
CMHO बोले- वीडियो की होगी जांच
मामले पर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एसएन केसरी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो में कमरा बंद दिखाई दे रहा है और यह स्पष्ट नहीं है कि वह अस्पताल का ओपीडी कक्ष है या कोई निजी स्थान।
हालांकि उन्होंने बीएमओ से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी लेने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है। साथ ही कूलर और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश देने की भी बात कही गई है।



