Jagdalpur Fire : जगदलपुर में भीषण आग…! सूरज इंटरप्राइजेज बुक डिपो धू-धू कर जला…SDRF ने शटर तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
लाखों के नुकसान की आशंका
जगदलपुर, 04 अगस्त। Jagdalpur Fire : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में मंगलवार देर रात एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई। अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के पास सूरज इंटरप्राइजेज बुक डिपो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई।
शटर तोड़कर अंदर पहुंची SDRF
दुकान बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए SDRF की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दुकान में बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और कागज रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
लाखों के नुकसान की आशंका
हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग पूरी तरह बुझने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर कारणों की जांच करेंगे।






