BreakingFeaturedक्राइमछत्तीसगढ़

Breaking: इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार, सुनसान खेत में मिला खौफनाक अंत… प्रेमी ने दुपट्टे से घोंट दिया गला


चार साल पुराने रिश्ते में शक बना मौत की वजह, छह महीने तक लिव-इन में रहे थे दोनों, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी प्रेमी को दबोचा।

रायपुर।  Raipur Murder Case राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद खौफनाक तरीके से हुआ। चार साल तक चले प्रेम संबंध में आई दरार और चरित्र पर शक ने एक 19 वर्षीय युवती की जान ले ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रेमी ने पहले युवती के मुंह में उसका ही दुपट्टा ठूंस दिया, फिर उसी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, मौत सुनिश्चित करने के लिए उसने युवती का सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।

यह सनसनीखेज मामला उस समय सामने आया, जब 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिला। गले पर चोट और दबाव के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में जांच शुरू की।
जांच में मृतका की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद खमतराई थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

माता-पिता के शक से खुला हत्या का राज

पूछताछ के दौरान मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी करण तांडी (23) पर शक जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर हुई कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, छह महीने तक रहे लिव-इन में

 

आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों करीब छह महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। बाद में युवती अलग रहने लगी, जिसके बाद आरोपी उसके चरित्र पर शक करने लगा और दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा।

मिलने बुलाया… फिर सुनसान जगह पर ले जाकर कर दी हत्या

 

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की शाम आरोपी ने युवती को मिलने के लिए डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र बुलाया। वहां से वह उसे सुनसान खेत की ओर ले गया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंट दिया। इसके बाद उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया ताकि उसके बचने की कोई संभावना न रहे।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

Related Articles

Back to top button