छत्तीसगढ़

Big Accident : गरियाबंद में दर्दनाक सड़क हादसा…! नाले में पलटी तेज रफ्तार कार…BJYM मंडल अध्यक्ष सहित 2 की मौत…

सभी अंदर ही फंस कर छटपटाते रह गए, सुबह दिखा हादसे का मंजर

गरियाबंद, 04 अगस्त। Big Accident : गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बिलाईगढ़ से पांच युवक भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

पुलिस के अनुसार, रात लगभग 2 बजे के आसपास कार चला रहे पंकज दास मानिकपुरी को नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार एक पत्थर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए, जिससे सभी युवक अंदर ही फंस कर छटपटाते रह गए।

सुबह दिखा हादसे का मंजर

घटना की जानकारी सुबह करीब 5 बजे मिली, जब स्थानीय लोग शौच के लिए निकले और उन्होंने नाले में पलटी कार देखी। उन्होंने तत्काल अन्य ग्रामीणों की मदद से कार का गेट तोड़कर सभी युवकों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक लोकेश साहू (35) और पंकज दास मानिकपुरी (38) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

तीन युवक गंभीर रूप से घायल

हादसे में घायल युवकों की पहचान राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव के रूप में हुई है। तीनों को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मंदिर दर्शन की यात्रा में टूटा मातम

सभी युवक बिलाईगढ़ जिले के भटगांव के रहने वाले थे और भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए थे। लेकिन यात्रा बीच रास्ते में ही त्रासदी में बदल गई। मृतक पंकज दास मानिकपुरी भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष थे, जिनकी असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिंगेश्वर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है और कारणों की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और गांव में कोहराम मच गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button