Havoc Lightning : कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर…! इमली के पेड़ पर गिरी बिजली…6 साइबेरियाई पक्षियों की मौत
मौके पर मौजूद वन अमला
कोरबा, 02 जुलाई। Havoc Lightning : जिले के करतला वनमंडल अंतर्गत रामपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियाई प्रवासी पक्षियों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब सभी पक्षी गांव के एक पुराने इमली के पेड़ पर बसेरा किए हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव में हर वर्ष हजारों किलोमीटर का सफर तय कर साइबेरिया से प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में ये पक्षी गांव के ऊंचे पेड़ों पर घोंसले बनाकर रहते हैं, यहीं प्रजनन करते हैं और बच्चों के उड़ने योग्य होने के बाद वापस अपने मूल स्थान की ओर लौट जाते हैं।
स्थानीय ग्रामीण इन प्रवासी पक्षियों को शुभ मानते हैं। उनका विश्वास है कि इनका आगमन गांव में सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और खुशहाली का संकेत होता है। यही वजह है कि वर्षों से ग्रामीण इन पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण का विशेष ध्यान रखते आ रहे हैं।
मंगलवार को गरज-चमक के साथ हुई तेज बारिश के दौरान गांव के जिस इमली के पेड़ पर पक्षियों ने अपना बसेरा बनाया था, उस पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज झटके की चपेट में आने से छह साइबेरियाई पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पक्षियों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पक्षियों की मौत पूरी तरह बिजली गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने एक और गंभीर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि गांव में पहले से तड़ित चालक लगाया गया है, जिसका उद्देश्य आकाशीय बिजली से सुरक्षा देना है। इसके बावजूद इमली के पेड़ पर बिजली कैसे गिर गई, इसकी तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए।






