रायपुर

Golden Homes Theft : रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता…! गोल्डन होम्स में हुई चोरी का पर्दाफाश…6.28 लाख की रिकवरी

चोरी के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई

रायपुर, 11 जून। Golden Homes Theft : राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन होम्स कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, चोरी के पैसों से खरीदे गए सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 6.28 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार गोल्डन होम्स निवासी भरत छापड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 जून 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गया। आरोपी ने आलमारी और लॉकर खोलकर उसमें रखे सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के और नगदी रकम चोरी कर ली। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

जांच के दौरान मुख्य आरोपी डी रवि राव उर्फ डी बच्चन की पहचान हुई, जो तेलीबांधा क्षेत्र का निवासी है और पहले भी चोरी, मारपीट एवं अन्य मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी का कुछ सामान उसने अपने चचेरे भाई डी इग्नेश राव और परिचित अशोक मानिकपुरी को बेचने और छिपाकर रखने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी राशि, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, एक कूलर तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 6 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य चोरी की घटनाओं (Golden Homes Theft) में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

Related Articles

Back to top button