छत्तीसगढ़

Durg Theft Case : दुर्ग में ‘लव, प्लान और लूट’…! गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने रची 4.90 लाख की उठाईगिरी…एक फोन कॉल ने पहुंचाया जेल

शोरूम कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड


दुर्ग, 04 अगस्त। Durg Theft Case : छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुई 4.90 लाख रुपये की उठाईगिरी का खुलासा किसी क्राइम फिल्म की कहानी से कम नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया कि पूरी वारदात की मास्टर प्लानिंग गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने मिलकर की थी। कई दिनों तक कारोबारी की रेकी की गई और सही मौका मिलते ही कार का शीशा तोड़कर नकदी से भरा बैग लेकर आरोपी फरार हो गए। लेकिन एक फोन कॉल ने पूरे गैंग का खेल बिगाड़ दिया।

पुलिस ने इस मामले में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शोरूम कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया और उसकी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत पोटिया रोड स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में साथ काम करते थे। भुवनेश्वर को कारोबारी की रोज़ की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। इसी आधार पर उसने अपने साथियों के साथ चोरी की पूरी साजिश रची।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

28 जुलाई को कारोबारी प्रमोद महेश्वरी अपनी कार में करीब 4.90 लाख रुपये लेकर शोरूम पहुंचे। जैसे ही वे कार छोड़कर बाहर गए, आरोपियों ने पत्थर से कार का शीशा तोड़ा और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, जांच से बचने के लिए आरोपियों ने तीन अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया और अलग-अलग रास्तों से निकलकर एक स्थान पर इकट्ठा हुए।

चोरी के पैसों से पार्टी और शॉपिंग

वारदात के बाद आरोपियों ने रकम का बंटवारा किया। पुलिस के अनुसार, गर्लफ्रेंड के खाते में 1.04 लाख रुपये जमा किए गए। करीब 30 हजार रुपये बाइक की मरम्मत और अन्य खर्चों में लगाए गए। बाकी रकम से नए कपड़े खरीदे गए और शराब-पार्टी की गई। पुलिस अधिकांश रकम खर्च होने से पहले केवल 1.57 लाख रुपये ही बरामद कर सकी।

एक फोन कॉल ने खोला पूरा राज

मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस आरोपी संतोष जोशी तक पहुंची। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा गर्लफ्रेंड सपना राजपूत को किए गए एक फोन कॉल ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस के अनुसार, कॉल में संतोष ने कथित तौर पर कहा कि भुवनेश्वर पुलिस के हाथ लग गया है, लेकिन खाते में आए 1 लाख रुपये के बारे में कुछ मत बताना। इसी बातचीत के बाद पुलिस ने उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया।

5 आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

पुलिस ने भुवनेश्वर डहरिया, सपना राजपूत, संजय साहू, संतोष जोशी और जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button