Digital Betting : चलती कार में ‘सट्टा दरबार’, टक्सन बनी कंट्रोल रूम, ₹50.35 लाख कैश के साथ 4 गिरफ्तार
रायपुर, 15 फरवरी। Digital Betting : रायपुर में टी20 वर्ल्ड कप के भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले सटोरियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अनोखा जुगाड़ निकाला, होटल या फ्लैट की जगह एक लग्जरी Hyundai Tucson को ही चलता-फिरता कंट्रोल रूम बना लिया। गंज इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर सफेद टक्सन को रोका तो भीतर लैपटॉप और 10 मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित होता मिला। मौके से 50 लाख 35 हजार रुपये नगद बरामद हुए।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने रितेश गोविंदानी, मोहम्मद अख्तर, विक्रम राजकोरी और सागर पिंजानी को दबोचा। आरोपियों के पास से मास्टर आईडी ऑपरेट करने के डिजिटल साक्ष्य मिले, जिनके जरिए ऑलपैनल जैसी वेबसाइटों पर हाई-स्टेक दांव लगाए जा रहे थे। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की पहचान कर उनमें मौजूद बड़ी रकम होल्ड करा दी है।
जांच में सामने आया कि गिरोह मास्टर आईडी बेचकर मोटा कमीशन कमा रहा था और बड़े सटोरियों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर दे रहा था। आरोपियों के पास से पासपोर्ट भी बरामद हुए हैं, जिससे अंतरराज्यीय/संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच तेज कर दी गई है।
मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जब्त मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि उन लोगों की पहचान हो सके जिन्होंने मैच पर लाखों-करोड़ों का दांव लगाया। पुलिस संकेत दे रही है कि शहर के अन्य बड़े बुकी नेटवर्क पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।



