कोरबा

Congress Protest Electricity Rate : बिजली बिल पर सियासत गरम…! कांग्रेस का हल्लाबोल…कहा- एक हाथ से ₹1000, दूसरे हाथ से वसूली

'महतारी वंदन' बनाम महंगी बिजली, कांग्रेस ने भाजपा सरकार से पूछे 5 बड़े सवाल

कोरबा, 18 जून। Congress Protest Electricity Rate : बिजली दरों में वृद्धि और प्रदेश की कथित बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि घरेलू और व्यावसायिक बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार ने आम जनता, किसानों, मध्यम वर्ग और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। पार्टी ने इसे जनविरोधी फैसला बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नई बिजली दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी, जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं के बिजली बिलों पर दिखाई देगा। उनका कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह फैसला और अधिक परेशानी बढ़ाने वाला है।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए ये प्रमुख आरोप

कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार जनता की आय बढ़ाने में विफल रही है, लेकिन लगातार खर्च बढ़ाने वाले फैसले ले रही है। पार्टी ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना लागू कर लाखों परिवारों को राहत दी थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इस लाभ को सीमित कर दिया है।

महंगाई से जोड़ा बिजली दर बढ़ोतरी का मुद्दा

कांग्रेस ने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण पहले ही लोगों का बजट बिगड़ चुका है। अब बिजली दरों में वृद्धि से उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र की लागत बढ़ेगी, जिसका असर दूध, सब्जी, किराना, होटल, छोटे उद्योग और अन्य आवश्यक सेवाओं पर पड़ेगा।

कोरबा की बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल

पार्टी ने कोरबा को ‘ऊर्जाधानी’ बताते हुए सवाल किया कि बिजली उत्पादन के बड़े केंद्र होने के बावजूद यहां अघोषित कटौती, लो-वोल्टेज, हाई-वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मर जैसी समस्याएं क्यों बनी हुई हैं। कांग्रेस का कहना है कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा नहीं मिल रही, फिर भी उनसे अधिक शुल्क वसूला जा रहा है।

‘महतारी वंदन’ योजना पर भी साधा निशाना

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह देने का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली, गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ाकर परिवारों से उससे कहीं अधिक राशि वापस ले रही है।

सरकार से पूछे 5 बड़े सवाल

बिजली दर बढ़ाने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी?

बिजली उत्पादन करने वाले राज्य में बिजली महंगी क्यों हो रही है?

उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर सेवा कब मिलेगी?

बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कब होगा?

गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को राहत देने की सरकार की क्या योजना है?

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

बिजली दर वृद्धि तत्काल वापस ली जाए।

घरेलू उपभोक्ताओं को विशेष सब्सिडी दी जाए।

किसानों को सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए।

अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए।

लो-वोल्टेज और हाई-वोल्टेज समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

बिजली वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना जारी की जाए।

कांग्रेस का संदेश

कांग्रेस ने कहा है कि बिजली दर वृद्धि के खिलाफ उसका संघर्ष जारी रहेगा और वह जनता के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।

Related Articles

Back to top button