Uncategorized

Korba: सड़क की बदहाली ने ली एसईसीएल कर्मी की जान; कुसमुंडा के भुट्टा चौक पर दर्दनाक हादसा

कोरबा । Korba Bhutta Chowk Accident औद्योगिक क्षेत्र कुसमुंडा में बुनियादी ढांचे की जर्जर स्थिति एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। शनिवार सुबह भुट्टा चौक पर सड़क के गहरे गड्ढों के कारण हुए एक सड़क हादसे में एसईसीएल (SECL) कर्मी दुखीराम की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने क्षेत्र में भारी वाहनों के दबाव और सड़कों के खराब रखरखाव को लेकर प्रबंधन व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान बांकी मोगरा निवासी दुखीराम के रूप में हुई है, जो एसईसीएल में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 9:00 बजे दुखीराम अपनी दुपहिया वाहन से ड्यूटी पर जा रहे थे। भुट्टा चौक के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बगल से गुजर रहे एक ट्रेलर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद ट्रेलर को रोका गया और पीड़ित को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया। ट्रेलर संघ के अध्यक्ष जीतू महंत एवं स्थानीय नागरिकों की सहायता से उन्हें तत्काल कुसमुंडा विभागीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर के बाद कुसमुंडा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और ट्रेलर चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासनिक निष्क्रियता पर जनाक्रोश

 

हादसे के बाद स्थानीय निवासियों और श्रमिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुसमुंडा-बांकी मोगरा मार्ग लंबे समय से जर्जर है, किंतु बार-बार की शिकायतों के बावजूद न तो एसईसीएल प्रबंधन और न ही संबंधित विभाग ने सड़कों की मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम उठाए हैं।

 

 

 

Related Articles

Back to top button