Congress Review Meeting : दिल्ली में 29 जुलाई को छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बड़ी बैठक…! राहुल गांधी के साथ दीपक बैज-चरणदास महंत करेंगे मंथन…बड़े फैसलों के संकेत
आधिकारिक एजेंडा अभी जारी नहीं
रायपुर, 27 जुलाई। Congress Review Meeting :छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अहम समीक्षा बैठक 29 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
संगठन और राजनीतिक हालात की होगी समीक्षा
सूत्रों के अनुसार, बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक कामकाज, विधानसभा के मानसून सत्र में पार्टी की रणनीति और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
इन मुद्दों पर रहेगा फोकस
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कांग्रेस राज्य में नकटी विस्थापन, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर है। माना जा रहा है कि इन विषयों पर पार्टी की आगे की रणनीति भी तय की जा सकती है।
आधिकारिक एजेंडा अभी जारी नहीं
हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक माना जा रहा है।






