CG Murder : पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश, पति और साथी गिरफ्तार
बलरामपुर, 15 फरवरी। CG Murder : चरित्र शंका को लेकर पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, फिर साथी के साथ मिलकर शव को जंगल में फांसी पर लटका आत्महत्या का रूप दे दिया। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पेड़ से लटका मिला था महिला का शव
थाना बलरामपुर क्षेत्र के ग्राम झपरा-लातापानी के घने जंगल में 13 फरवरी 2026 की शाम एक महिला का शव पेड़ से फांसी के फंदे में लटका मिला था। सूचना पर सूचक अनिल खलखो की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई की गई।
शव परीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट और खरोंच के संदेहजनक निशान पाए गए। इसके बाद डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि मृतिका बंधनी (उम्र लगभग 50 वर्ष), पति गुना राम, निवासी झपरा की मृत्यु हत्यात्मक प्रकृति की है।
चरित्र शंका बनी हत्या की वजह
मर्ग जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी गुना राम (58 वर्ष) अपनी पत्नी के अक्सर घर से बाहर जाने और कई दिनों तक वापस नहीं आने को लेकर नाराज रहता था।
बताया गया कि मृतिका बुधवार को बलरामपुर बाजार गई थी और रात में घर नहीं लौटी। गुरुवार को लौटने पर आरोपी ने गुस्से में उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और बांस के डंडे, हाथ-पैर से बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या छुपाने की साजिश, शव को फांसी पर लटकाया
जांच में सामने आया कि आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए लखन कुम्हरिया (50 वर्ष), निवासी झपरा, के साथ मिलकर मृतिका के शव को जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया।
साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 103(1), 238, 3(v) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
1. गुना राम पिता स्व. गेवा राम(58 वर्ष) ग्राम झपरा
2. लखन कुम्हरिया पिता स्व. नन्का कुम्हरिया (50 वर्ष) ग्राम झपरा
दोनों को आज 15 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।



