कोरबा

Police Action : कोरबा में कर्तव्य में लापरवाही…! दो आरक्षकों को किया निलंबित…SP सिद्धार्थ तिवारी ने की सख्त कार्रवाई

केस में डायल 112 का चालक और पीड़िता का प्रेमी पहले ही गिरफ्तार होकर भेजे जा चुके हैं जेल

कोरबा, 20 जनवरी। Police Action : कर्तव्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने के मामले में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बांकीमोंगरा थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 127 राकेश मेहता और आरक्षक क्रमांक 771 राजेन्द्र राज के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। दोनों आरक्षकों पर आरोप है कि थाना पहुंची पीड़िता का आवेदन नहीं लिया गया, जो पुलिस कर्तव्य का गंभीर उल्लंघन माना गया।

बताया जा रहा है कि यह मामला हाल ही में सामने आए गैंगरेप प्रकरण से जुड़ा हुआ है। इस मामले में पहले ही डायल 112 के चालक सहित पीड़िता के प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पीड़िता जब बांकीमोंगरा थाना पहुंची थी, उस समय संबंधित आरक्षकों ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। इसे कर्तव्य में घोर लापरवाही मानते हुए जांच पूरी होने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button