CG Liquor Scam : 115.5 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप…! सौम्या चौरसिया ईडी रिमांड पर…ED की जारी प्रेस नोट पढ़ें
115.5 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप
रायपुर, 19 दिसम्बर। CG Liquor Scam : प्रवर्तन निदेशालय (ED), रायपुर जोनल कार्यालय ने बहुचर्चित छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सौम्या चौरसिया को 16 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (PMLA) के तहत की गई।
गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया को विशेष न्यायालय (PMLA), रायपुर में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 19 दिसंबर 2025 तक तीन दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है।
ईडी द्वारा शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि यह जांच एसीबी/ईओडब्ल्यू, रायपुर द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। यह एफआईआर भारतीय दंड संहिता (IPC) एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत पंजीबद्ध है।
जांच में सामने आया है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाला राज्य के खजाने को भारी नुकसान पहुंचाने वाला एक संगठित अपराध था। ईडी की जांच के अनुसार, सौम्या चौरसिया को इस घोटाले से करीब 115.5 करोड़ रुपये की अवैध राशि प्राप्त हुई।
ईडी का दावा है कि डिजिटल रिकॉर्ड, जब्त दस्तावेज और लिखित बयानों से यह स्पष्ट हुआ है कि सौम्या चौरसिया शराब सिंडिकेट की सक्रिय सहयोगी थीं। डिजिटल साक्ष्यों से यह भी पुष्टि हुई है कि वे सिंडिकेट की केंद्रीय समन्वयक की भूमिका में थीं और अनिल टुटेजा तथा चैतन्य बघेल के बीच मध्यस्थ बनकर अवैध धन के सृजन और मनी लॉन्ड्रिंग को आगे बढ़ा रही थीं।
बरामद चैट्स से यह भी खुलासा हुआ है कि सिंडिकेट के प्रारंभिक गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें आबकारी विभाग में प्रभावशाली पदस्थापन से जुड़ी गतिविधियां भी शामिल थीं।
गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही कई वरिष्ठ अधिकारी, कारोबारी और राजनीतिक हस्तियां गिरफ्तार की जा चुकी हैं। ईडी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में आगे की जांच लगातार जारी है।




