यूपी

Family Murder : जमीन और गहने के विवाद में बेटे ने उजाड़ दिया अपना परिवार…! सोते हुए लोगों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला…4 की दर्दनाक मौत

बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल

बहराइच, 02 मार्च। Family Murder : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 1 और 2 मार्च की दरमियानी रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जमीन और गहने बेचने से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में निरंकार नामक युवक ने अपने ही परिवार के 4 सदस्यों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

सोते हुए परिजनों पर किया हमला

घटना थाना रूपईडीहा क्षेत्र के बसंतपुर ऊदल गांव की है। बताया जा रहा है कि जमीन की बिक्री से मिली रकम को लेकर आरोपी निरंकार अपने पिता बदलू राम से पैसों की मांग कर रहा था। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह आपा खो बैठा।

आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता बदलू राम, मां संजू देवी, बहन पार्वती और दादी सिताला पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

भाई को बचाने आया तो उस पर भी वार

जब उसके बड़े भाई गुरुदेव ने चीखें सुनीं और उसे बचाने आए, तो निरंकार ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर चोट लग गई। गुरुदेव का बेटा आज़ाद, जो मौके पर मौजूद था, उसने शोर मचाया, जिससे गांव वाले आ गए। यह घटना रुपईडीहा थाने के बसंतपुर उदल गांव में हुई।

खुद को भी किया घायल

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को ईंट मारकर घायल कर लिया। उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घायल भाई गुरुदेव का इलाज चरदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी निरंकार के खिलाफ हत्या और हत्या की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज किया है। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button