रायपुर

Digital Connectivity : कलेक्टर और जिला पंचायत CEO ने की पिंक ई-रिक्शा की सवारी…! महिला चालक की आत्मनिर्भरता को सराहा

महिला सशक्तिकरण और हरित परिवहन का अनोखा संदेश

रायपुर, 12 फरवरी। Digital Connectivity : नवा रायपुर की सड़कों पर आज एक दिलचस्प और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला जब कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने पिंक ई-रिक्शा की सवारी की। यह मौका था कलेक्टर का आरंग ब्लॉक के दौरे का, जब उन्होंने रास्ते में एक पिंक ई-रिक्शा देखा और महिला चालक से रिक्शे में सवारी करने का आग्रह किया।

महिला चालक, सीतू कोसले, ने कलेक्टर और सीईओ का आग्रह स्वीकार किया और उन्हें ग्राम रीको से बैठाकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होते हुए परसदा तक करीब 12 किमी की सवारी कराई। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सिंह ने सीतू से ई-रिक्शा संचालन के बारे में बातचीत की और उनके कार्य एवं आय के बारे में जानकारी ली। सीतू ने बताया कि इस व्यवसाय से उन्हें प्रति माह 20,000 रुपये से अधिक की आय हो रही है, जिससे वह आत्मनिर्भर हो चुकी हैं और अपने परिवार को भी योगदान दे रही हैं।

कलेक्टर और सीईओ ने ग्राम पंचायत परसदा में पहुंचकर किराया पूछकर ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। इस यात्रा के दौरान, कलेक्टर डॉ. सिंह ने महिला सशक्तिकरण और हरित परिवहन को बढ़ावा देने वाली इस पहल की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में ‘बिहान’ योजना और एनआरडीए के तहत अभनपुर और आरंग ब्लॉक की 40 महिलाओं को निःशुल्क 40 इलेक्ट्रिक ऑटो दिए गए हैं। यह पहल न केवल नवा रायपुर में यातायात को सुगम बना रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का एक सशक्त माध्यम भी बन रही है।

पिंक ई-रिक्शाओं का ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘रेपिडो’ से टाई-अप किया गया है, जिससे यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से सेवा प्राप्त कर रहे हैं। इन ई-रिक्शाओं का संचालन पूरी तरह से इलेक्ट्रिक है, जो पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है।

Related Articles

Back to top button