Big Action : गैस एजेंसी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 471 LPG सिलिंडर जब्त; रिकॉर्ड में भी मिलीं कई खामियां

News Power Zone
3 Min Read
Big Action

गौरेला, 23 अगस्त। Big Action : गैस वितरण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गौरेला में खाद्य विभाग ने सियाराम गैस एजेंसी के गोदाम पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान भंडारण और रिकॉर्ड संधारण से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद विभाग ने कुल 471 LPG सिलिंडर जब्त कर लिए।

471 सिलिंडर जब्त, जानिए कितने भरे और कितने खाली

खाद्य विभाग की टीम ने मेसर्स सियाराम गैस एजेंसी, गौरेला के गोदाम का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 433 घरेलू सिलिंडर मिले, जिनमें 87 खाली और 346 भरे हुए थे।

इसके अलावा 19 किलोग्राम क्षमता वाले 38 व्यावसायिक सिलिंडर भी जब्त किए गए। इनमें 36 खाली और 2 भरे हुए सिलिंडर शामिल हैं। इस तरह विभाग ने कुल 471 सिलिंडरों को जब्ती की कार्रवाई के दायरे में लिया।

गोदाम में नहीं मिले जरूरी रिकॉर्ड

निरीक्षण के दौरान विभाग को एजेंसी में निर्धारित व्यवस्थाओं के पालन में भी खामियां मिलीं। अधिकारियों के अनुसार गोदाम में मुख्य बोर्ड और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं किए गए थे।

इसके अलावा आवक-जावक पंजी और स्टॉक पंजी का संधारण नहीं किया जा रहा था। विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।

पहले भी लग चुका है 10 हजार का जुर्माना

जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल ने बताया कि सियाराम गैस एजेंसी को लेकर विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि एजेंसी के गोदाम की पहले भी जांच की जा चुकी है, जिसमें अनियमितताएं मिलने पर एजेंसी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

किस नियम के तहत हुई कार्रवाई

खाद्य विभाग ने यह कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियम) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत की है। विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा, LPG की नियमित आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले में जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक राहुल सिंह राजपूत, अरविन्द चन्द्रा, आशीष पाण्डेय, नेहा पाटले और सहायक सोनू देवांगन मौजूद रहे।

Share This Article