Life-Threatening Attack : आंखों में मिर्च पाउडर, फिर लाठी-डंडों से हमला, भलस्वा डेयरी में पुलिस टीम पर जानलेवा अटैक का VIDEO वायरल

News Power Zone
3 Min Read
Life-Threatening Attack

दिल्ली, 23 अगस्त। Life-Threatening Attack : दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके से पुलिस टीम पर हमले का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर मिर्च पाउडर फेंककर, ईंट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ पुलिस टीम पर हमला करती दिखाई दे रही है।

गाड़ी जब्त करने के बाद पुलिस पर हमला

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिसकर्मी इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान चेकिंग के दौरान एक वाहन को जब्त किया गया।

आरोप है कि इसके बाद वाहन मालिक समेत कुछ लोगों का समूह मौके पर पहुंचा और पुलिस टीम से विवाद करने लगा। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

मिर्च पाउडर फेंका, ईंट और डंडों से पीटा

घटना के सामने आए वीडियो में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर पुलिसकर्मियों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के साथ-साथ ईंटों से भी हमला किया। हमले में 3 पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं।

कुख्यात आरोपी पर मुख्य हमलावर होने का आरोप

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इलाके के कुख्यात अपराधी सुनील उर्फ पंकज पर हमले में मुख्य भूमिका होने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले से ही गंभीर अपराधों समेत 5 मामलों में शामिल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया है। वहीं, अन्य कथित हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

VIDEO में कैद हुई पूरी घटना

पुलिस टीम पर हमले का वीडियो सामने आने के बाद घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। वीडियो में कई लोग पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

 

 

Share This Article