देश

Bharat Bandh 12 फरवरी….क्या रहेगा बंद, क्या खुला — जानिए आम लोगों पर कितना पड़ेगा असर

रायपुर, 11 फरवरी। Bharat Bandh देशभर में 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित भारत बंद का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस बंद के कारण बैंकिंग सेवाएं, परिवहन, सरकारी कार्यालय और बाजार आंशिक रूप से प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है।

क्यों बुलाया गया है भारत बंद

ट्रेड यूनियनों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई चार श्रम संहिताएं कर्मचारियों और मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं। उनका आरोप है कि इन कानूनों से नौकरी की सुरक्षा कमजोर हुई है और कर्मचारियों के अधिकार प्रभावित हुए हैं।
इसके अलावा निजीकरण, वेतन, सामाजिक सुरक्षा, बीज विधेयक, विद्युत संशोधन विधेयक और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर भी विरोध जताया जा रहा है।

स्कूल और कॉलेज पर असर

देशभर में स्कूल और कॉलेज बंद करने का कोई राष्ट्रीय स्तर का आदेश जारी नहीं हुआ है। हालांकि कुछ राज्यों में स्थानीय परिस्थितियों या परिवहन बाधित होने की स्थिति में शिक्षण संस्थान बंद रह सकते हैं। छात्रों और अभिभावकों को अपने स्कूल या कॉलेज की आधिकारिक सूचना जरूर जांचने की सलाह दी गई है।

बैंकिंग सेवाएं

12 फरवरी को बैंक कर्मचारियों के कई संगठनों ने हड़ताल का समर्थन किया है, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि यह दिन आधिकारिक बैंक अवकाश नहीं है, इसलिए शाखाएं खुली रह सकती हैं लेकिन कामकाज धीमा या बाधित हो सकता है।
एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन कुछ सेवाओं में देरी संभव है।

बाजार और परिवहन

कई जगहों पर रैलियां और चक्का जाम होने की आशंका है, जिससे सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हो सकता है। जिन क्षेत्रों में प्रदर्शन ज्यादा होंगे वहां बाजार और दुकानें बंद रह सकती हैं। सरकारी कार्यालयों में भी उपस्थिति कम रहने की संभावना है।

क्या रहेगा सामान्य

अस्पताल, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाएं, एयरपोर्ट और अन्य जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button