BALCO Vardaan Apartment : बालको ने ‘वरदान’ अपार्टमेंट का किया उद्घाटन, 172 युवा कर्मचारियों को मिला नया आशियाना

News Power Zone
4 Min Read
BALCO Vardaan Apartment

BALCO Vardaan Apartment : भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) ने कर्मचारी कल्याण और बालकोनगर टाउनशिप के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। बालको ने ‘वरदान’ अपार्टमेंट का शुभारंभ किया, जहां युवा कर्मचारियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उद्घाटन के अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और युवा कर्मचारियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं।

जी+9 बिल्डिंग में 172 वन-BHK स्टूडियो अपार्टमेंट

युवा कर्मचारियों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए ‘वरदान’ अपार्टमेंट में कुल 172 सुसज्जित आवास हैं। जी+9 संरचना वाले इस आवासीय परिसर में प्रत्येक यूनिट को वन-BHK स्टूडियो अपार्टमेंट की अवधारणा के अनुरूप तैयार किया गया है। ‘वरदान’ नाम को शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। इसी सोच के साथ परिसर में आधुनिक जीवनशैली, सुरक्षा और कर्मचारियों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की गई हैं।

घर में ही मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं

बालको के अनुसार, प्रत्येक आवास को कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। आवासों में मॉड्यूलर किचन, टेलीविजन, फर्निश्ड अलमारी, सोफा-कम-बेड, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

परिसर में तीन लिफ्ट, आधुनिक कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण की व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण के साथ करीब 35,000 वर्गफुट का हरित एवं मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है।

इसके अलावा कर्मचारियों के लिए कैफेटेरिया-कम-डाइनिंग स्पेस और बैंक्वेट हॉल की सुविधा भी उपलब्ध है। इन स्थानों का उपयोग कर्मचारी सामूहिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए कर सकेंगे।

सौर ऊर्जा और जल संरक्षण पर भी जोर

‘वरदान’ अपार्टमेंट को पर्यावरणीय दृष्टि से भी विकसित किया गया है। परिसर में 50 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया गया है। यह बालको और वेदांता समूह के स्थायित्व लक्ष्यों के अनुरूप पहल है।

जल संरक्षण के लिए परिसर में 80 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और तीन वर्षा जल संचयन संरचनाएं बनाई गई हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य पानी के बेहतर उपयोग, पुनर्चक्रण और संरक्षण को बढ़ावा देना है।

CEO राजेश कुमार सिंह बोले- कर्मचारी कल्याण हमारी प्राथमिकता

उद्घाटन के अवसर पर बालको के CEO एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी की प्रगति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनका कल्याण बालको की विकास यात्रा का अहम हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसा वातावरण तैयार करने का प्रयास कर रही है, जहां कर्मचारी कार्यस्थल के साथ-साथ अपने घर और समुदाय में भी बेहतर जीवन जी सकें। उनके मुताबिक, ‘वरदान’ अपार्टमेंट इसी सोच का हिस्सा है और इससे युवा कर्मचारियों को सुविधाजनक एवं बेहतर आवास उपलब्ध होगा।

कर्मचारी कल्याण और टाउनशिप विकास को मिलेगी मजबूती

बालको का कहना है कि ‘वरदान’ अपार्टमेंट सिर्फ आवासीय परिसर नहीं, बल्कि कर्मचारी-केंद्रित सोच का हिस्सा है। आधुनिक सुविधाओं, हरित क्षेत्र, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण और सामुदायिक सुविधाओं से तैयार यह परिसर युवा कर्मचारियों को बेहतर जीवनशैली, सुरक्षित वातावरण और नई शुरुआत का अवसर देगा। बालको की यह पहल कंपनी की कर्मचारी कल्याण योजनाओं के साथ-साथ बालकोनगर में जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share This Article