रायपुर

Mahila Congress : छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी भंग…! संगठन में मचा हड़कंप

सक्रिय और संघर्षशील नेताओं को मिलेगा मौका

नई दिल्ली/रायपुर, 16 मई। Mahila Congress : छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की पूरी कार्यकारिणी भंग। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने संगठन में बड़े पुनर्गठन के दिए संकेत। सक्रिय नेताओं को मिलेगा मौका।

छत्तीसगढ़ की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। शनिवार को जारी आदेश के बाद प्रदेश संगठन में हलचल तेज हो गई है।

प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक की सभी जिम्मेदारियां समाप्त कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि महिला कांग्रेस संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से यह बड़ा कदम उठाया गया है।

सक्रिय और संघर्षशील नेताओं को मिलेगा मौका

जारी आदेश में साफ कहा गया है कि अब संगठन में नई नियुक्तियां कार्यकर्ताओं की सक्रियता, सदस्यता अभियान में योगदान, जनसंपर्क और संघर्षशील भूमिका के आधार पर की जाएंगी। महिला कांग्रेस का पूरा पुनर्गठन व्यापक चर्चा और सर्वसम्मति के बाद किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में संगठन में कई नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं। पार्टी नेतृत्व जमीनी स्तर पर मजबूत महिला नेतृत्व तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहा है।

इन बड़े नेताओं को भेजी गई आदेश की कॉपी

आदेश की प्रतिलिपि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टी.एस. सिंह देव, दीपक बैज और डॉ. चरण दास महंत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को भेजी गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button