रायपुर, 25 जून। Education Policy : एनसीईआरटी की कक्षा 9वीं की नई पाठ्यपुस्तक में आपातकाल (इमरजेंसी) से जुड़े अध्याय शामिल किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इस मुद्दे पर रायपुर पहुंचे कांग्रेस विधायक और मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा को राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनाया जा रहा है।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि स्कूली पाठ्यक्रम में किसी भी तरह की राजनीतिक सोच को थोपना उचित नहीं है और बच्चों के भविष्य को निष्पक्ष शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इतिहास और शिक्षा को अपने दृष्टिकोण से प्रस्तुत कर रही है।
वहीं कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने NEET और NTA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की।
इधर, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी एनसीईआरटी की किताब में इमरजेंसी से जुड़े अध्यायों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इतिहास की प्रस्तुति संतुलित और निष्पक्ष होनी चाहिए तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता सर्वोपरि है।