DMF Fund : कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने दिशा समिति बैठक में उठाए अहम मुद्दे…! धान खरीदी में गड़बड़ी पर संसद में उठाएंगे सवाल
जल जीवन और डीएमएफ फंड पर चर्चा
कोरबा, 22 जनवरी। DMF Fund : कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने मंगलवार को कोरबा कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विकास, जनमन योजना और धान खरीदी को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए।
जनमन योजना और जिले के विकास पर दिया संतोषजनक अपडेट
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि, क्षेत्र में जनमन योजना के तहत 70 और 30 के अनुपात में काम हो रहा है। हालांकि, अभी पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है, लेकिन इस योजना के तहत जिले में अच्छा-ख़ासा डीएमएफ (डिस्ट्रीक्ट मिनिरल फंड) है, जिसे स्कूलों के नवीनीकरण और जल जीवन मिशन के तहत बोरवेल खुदवाने जैसे कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
सांसद ने यह भी बताया कि, बहुत सारी योजनाओं की घोषणा की गई है, जिनका कार्य आगे चलकर पूरा किया जाएगा। हम लोग, जो बीच-बीच में आते हैं, जनप्रतिनिधि प्रशासन से संवाद करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि इन योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो।
धान खरीदी में गड़बड़ी को लेकर उठाए सवाल
सांसद महंत से छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के मुद्दे पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, अभी मेरे संसदीय क्षेत्र में धान खरीदी से संबंधित कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, जब छत्तीसगढ़ में दो पैर वाले मूसवे (चूहे) पैदा हो गए हैं, तो वही सब खा रहे होंगे। कुछ भी अपना निशान तक नहीं छोड़कर गए हैं, और यह एक अच्छी बात है। उन्होंने आगे कहा कि धान में गड़बड़ी के मामले को लेकर उनका दावा था कि, यह भ्रष्टाचार का मुद्दा अब करोड़ों में पहुंच चुका है और इसे सरकार को सामने लाना होगा। सांसद ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष श्री चरणदास महंत ही अधिक जानकारी दे सकते हैं, क्योंकि वह इस मामले को अच्छी तरह से समझते हैं।
ध्यान आकर्षित करता भ्रष्टाचार का मुद्दा
सांसद ने यह भी कहा कि, धान खरीदी में हुई गड़बड़ी को लेकर संसद में जोरदार बहस होगी। यह मुद्दा संसद में गूंजेगा, क्योंकि अब तक जो भ्रष्टाचार हुआ है, वह छिपाने की कोशिश की जा रही है।
बैठक में कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति
इस बैठक में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, कटघोरा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राज जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश परसाई, रामपुर विधायक प्रतिनिधि प्रवीण ओगर और अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे। बैठक में कई स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई और प्रशासन से अपेक्षाएँ जताई गई कि आने वाले दिनों में जिले के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।
इस बैठक में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने स्थानीय मुद्दों पर प्रशासन के साथ समन्वय की आवश्यकता को महसूस किया और जिले में विकास कार्यों को गति देने की बात कही। वहीं, धान खरीदी में गड़बड़ी के मुद्दे पर उन्होंने सरकार से सवाल उठाने का मन बनाया है।



