
SECL Union Verification कोरबा/गेवरा। एसईसीएल में श्रमिक राजनीति एक बार फिर तेज हो गई है। कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) गेवरा क्षेत्र ने वर्ष 2026 में होने वाले श्रमिक संगठनों के सदस्यता सत्यापन और सदस्यता शुल्क कटौती की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए महाप्रबंधक को पत्र सौंपा है।
यूनियन का दावा है कि कोड ऑन वेजेस, 2019 और कोड ऑन वेजेस (सेंट्रल) रूल्स, 2026 लागू होने के बाद पुरानी व्यवस्था के आधार पर सदस्यता शुल्क कटौती और सत्यापन की प्रक्रिया कानूनी रूप से उचित नहीं होगी। पत्र में कहा गया है कि नए प्रावधानों के अनुरूप ही पूरी प्रक्रिया संचालित की जानी चाहिए।
कोयला मजदूर पंचायत ने प्रबंधन से मांग की है कि सभी श्रमिक संगठनों को नए कानून के अनुरूप सदस्यता सत्यापन के लिए अधिकृत किया जाए और 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई जाए। यूनियन का कहना है कि इससे भविष्य में किसी भी प्रकार के कानूनी विवाद से बचा जा सकेगा।
इस पत्र के सामने आने के बाद एसईसीएल में श्रमिक संगठनों के बीच एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब निगाहें प्रबंधन के फैसले पर टिकी हैं कि वह सदस्यता सत्यापन की प्रक्रिया को किस आधार पर आगे बढ़ाता है।






