विदिशा, 09 सितंबर। IAS Anil Damor Death: जिस अधिकारी ने हाल ही में भोपाल में नई जिम्मेदारी संभाली थी, उन्हें शायद ही अंदाजा रहा होगा कि विदिशा की यह वापसी उनकी आखिरी यात्रा बन जाएगी। 45 वर्षीय IAS अधिकारी और विदिशा ADM अनिल डामोर सरकारी आवास के बाथरूम में अचानक बेहोश हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने CPR देकर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हृदय गति वापस नहीं आ सकी। मध्य प्रदेश के विदिशा से आई इस दुखद खबर ने प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया।
सरकारी आवास के बाथरूम में हुए बेहोश
जानकारी के मुताबिक, अनिल डामोर विदिशा स्थित अपने शासकीय आवास में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बाथरूम में बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। मेडिकल प्रभारी शुभम जैन के मुताबिक, अनिल डामोर को सुबह करीब 8:25 बजे अस्पताल लाया गया था। उस समय उनकी हृदय गति और पल्स नहीं मिल रही थी।
डॉक्टरों ने CPR देकर बचाने की कोशिश की
मेडिकल टीम ने तत्काल CPR शुरू किया और उन्हें रिवाइव करने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों को सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचने लगे।
हाल ही में हुआ था भोपाल ट्रांसफर
अनिल डामोर विदिशा में ADM की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में उनका ट्रांसफर भोपाल किया गया था, जहां उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने भोपाल में जॉइनिंग भी कर ली थी। जॉइनिंग के बाद वह विदिशा स्थित अपने सरकारी आवास पर वापस आए थे। बताया गया है कि वह रात को विदिशा में ही रुके थे और भोपाल जाने से पहले अपने घर का सामान समेटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी
अधिकारी को अस्पताल पहुंचाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए CPR समेत तमाम प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। फिलहाल विदिशा मेडिकल कॉलेज में उनके शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। 45 वर्षीय IAS अधिकारी के इस तरह अचानक निधन से प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध हैं। उनके साथ काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।












