देश

Amarnath Yatra Bus Accident : यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी…! 39 श्रद्धालु घायल…सेना ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन


जम्मू, 28 जुलाई। Amarnath Yatra Bus Accident : जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही एक बस हरिगनीवन के पास अनियंत्रित होकर बस के गहरी खाई में गिर जाने से लगभग 39 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 50 लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गांदरबल के गुंड क्षेत्र में स्थित हरिगनीवन मोड़ (S-Mode) के पास हुआ। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चालक के नियंत्रण खो देने के कारण बस सड़क से फिसलकर नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), जम्मू-कश्मीर पुलिस, यात्रा पुलिस, 2 असम राइफल्स और 21 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने बचाव दल के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

बचाव दल ने सभी घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए कंगन अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अधिकांश घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को श्रीनगर के बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी भी कर रखी है।

प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घायलों के इलाज के साथ-साथ उनके परिजनों को भी सूचना दी जा रही है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हादसे के बाद भी अमरनाथ यात्रा जारी है, लेकिन संबंधित मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की अतिरिक्त समीक्षा की जा रही है।

Related Articles

Back to top button