कोरबा, 03 सितंबर। Korba News : जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों के तेज बहाव में लोगों के बहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल स्थित हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर सूरज महंत तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। सूरज, सुरेश महंत का बेटा है।
नहाते समय अचानक तेज बहाव में बहा किशोर
बताया जा रहा है कि सूरज महंत सुबह हसदेव नदी के एनीकट में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वह उसकी चपेट में आ गया। एनीकट के पास मौजूद लोगों ने किशोर को पानी में बहते देखा तो तत्काल शोर मचाया और घटना की जानकारी उसके परिजनों तथा पुलिस को दी।
पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सेना के गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया, जिसके बाद किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज बहाव के चलते सर्च ऑपरेशन में दिक्कत
लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी उफान पर है और कुदुरमाल एनीकट में पानी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है। तेज धारा के कारण गोताखोरों को किशोर की तलाश करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि सूरज तेज बहाव के साथ आगे की ओर बह गया है। फिलहाल बचाव दल उसकी तलाश में जुटा हुआ है।
प्रशासन ने नदी-नालों से दूर रहने की दी चेतावनी
कोरबा जिले में बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। पिछले कुछ दिनों में पानी में बहने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों, एनीकट और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहनेकी अपील की है। खासकर बच्चों को ऐसे खतरनाक स्थानों पर नहीं जाने देने की सलाह दी गई है। फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है और किशोर की तलाश जारी है।












